चित्तौड़गढ़ में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट शिविर में 565 युवाओं का चयन
जिला प्रशासन और जिला रोजगार कार्यालय के सहयोग से विजन कॉलेज में आयोजित शिविर में 725 अभ्यर्थियों ने भाग लिया और 565 को रोजगार व प्रशिक्षण के अवसर मिले।

चित्तौड़गढ़ के विजन कॉलेज में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट शिविर के शुभारंभ के अवसर पर दीप प्रज्वलित करते जिला रोजगार अधिकारी राहुल देव सिंह और प्राचार्य डॉ. माजिद हुसैन खान।
चित्तौड़गढ़। जिला प्रशासन, जिला रोजगार कार्यालय एवं विजन कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में उदयपुर रोड स्थित विजन कॉलेज परिसर में शुक्रवार को कैंपस प्लेसमेंट शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ जिला रोजगार अधिकारी राहुल देव सिंह एवं प्रधानाचार्य डॉ. माजिद हुसैन खान द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि "राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जाए।"
प्रतिष्ठित कंपनियों की सहभागिता और चयन प्रक्रिया
शिविर में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें जयपुर सहित अन्य कंपनियां शामिल रहीं। शिविर में लगभग 725 आशार्थियों ने भाग लिया। विभिन्न पदों पर 479 युवाओं को रोजगार के प्रारंभिक अवसर प्रदान किए गए तथा 86 युवाओं का चयन प्रशिक्षण हेतु किया गया। इस प्रकार कुल 565 युवाओं को रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त हुए। जिला रोजगार अधिकारी ने सभी कंपनियों के स्टॉल का अवलोकन कर साक्षात्कार प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी लेकर चयनित युवाओं को शुभकामनाएं दीं।
स्टाफ का सहयोग एवं आगामी शिविर की योजना
इस अवसर पर जिला रोजगार कार्यालय के राजेन्द्र उपाध्याय, पीयूष गांधी, संतोष कुमार शर्मा, हरिशंकर शर्मा, राकेश दाधीच एवं सुभाष पारीक, पंकज दलाल सहित समस्त स्टॉफ का सहयोग सराहनीय रहा। इस क्रम में आगामी माह मार्च में पुनः इसी प्रकार का कैंपस प्लेसमेंट शिविर आयोजित किया जाना प्रस्तावित है, ताकि अधिकाधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
