नई ग्लोबल रैंकिंग: भारत ने जापान को पछाड़ा; आर्थिक ताकत में चौथे नंबर पर
भारत ने नए साल से पहले जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का दर्जा हासिल कर लिया है। 4.18 ट्रिलियन डॉलर की GDP और मजबूत घरेलू मांग ने भारत को वैश्विक आर्थिक मंच पर नई ऊँचाईयों पर पहुँचाया है।

India fourth largest economy 2025 : नए साल की शुरुआत से पहले भारत ने वैश्विक आर्थिक मंच पर एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल कर लिया है। सरकार की वार्षिक आर्थिक समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार, सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के आधार पर भारत ने जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का दर्जा प्राप्त कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ भारत की वैश्विक आर्थिक प्रतिष्ठा और भी सशक्त हुई है।
सरकार के आंकड़ों के अनुसार, 4.18 ट्रिलियन डॉलर की GDP के साथ भारत अब वैश्विक स्तर पर चौथे स्थान पर पहुंच गया है। हालांकि इसकी अंतिम पुष्टि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) द्वारा की जाएगी, जिसके आधिकारिक आंकड़े 2026 की पहली छमाही में जारी होने की संभावना है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर मौजूदा विकास दर बनी रहती है, तो अगले ढाई से तीन वर्षों में भारत 7.3 ट्रिलियन डॉलर की अनुमानित GDP के साथ जर्मनी को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि भारत की अर्थव्यवस्था पिछले कई वर्षों से तेजी से आगे बढ़ रही है। बीते एक दशक में इसका आकार लगभग दोगुना हो चुका है। वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही में देश की GDP वृद्धि दर 8.2 प्रतिशत रही, जो पिछले छह वर्षों का उच्चतम स्तर माना जा रहा है।
वैश्विक व्यापारिक चुनौतियों और अस्थिर आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद मजबूत घरेलू मांग ने भारतीय अर्थव्यवस्था को स्थिरता प्रदान की है। वित्त वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही में विकास दर 7.8 प्रतिशत रही, जबकि चौथी तिमाही में यह 7.4 प्रतिशत तक रही। सरकार के अनुसार, मजबूत घरेलू मांग, संस्थागत सुधार, संतुलित मौद्रिक नीति और कीमतों में स्थिरता ने भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए ‘गोल्डीलॉक्स’ स्थिति तैयार की है, जो विकास और महंगाई के बीच संतुलन बनाकर देश को स्थायी आर्थिक प्रगति की राह पर ले जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूती के साथ उभरेगी। वैश्विक आर्थिक मंच पर भारत की भूमिका और भी सशक्त होगी और देश निवेशकों के लिए एक भरोसेमंद और आकर्षक विकल्प बनकर उभरेगा।

Ashiti Joil
यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।
