भीलवाड़ा के उपरेडा में कृषि कॉलेज के लिए मुबारक हुसैन मंसूरी और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से लेकर राज्यपाल तक हजारों पत्राचार किए, समाधान का अब भी इंतजार।

भीलवाड़ा। शाहपुरा-बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र के निकटवर्ती उपरेडा गांव में पिछले 5 वर्ष यानी 2020 से राजकीय कृषि महाविद्यालय खोलने की लिखित में मांग हेतु सैकड़ों पत्राचार प्रार्थी एवं ग्राम वासियों द्वारा किए जा चुके हैं। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए सामाजिक कार्यकर्ता मुबारक हुसैन मंसूरी (उपरेडा) ने बताया कि पिछले ढाई वर्ष पूर्व 19 जून 2023 को तात्कालिक पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमान अशोक जी गहलोत साहब के सरकारी निवास मुख्यमंत्री हाउस पर मुबारक मंसूरी उपरेड़ा एवं मंसूरी समाज के प्रतिनिधि मंडल द्वारा उपरेड़ा में राजकीय कृषि महाविद्यालय खुलवाने सहित अन्य क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान हेतु मुलाकात की गई थी। उस समय पूर्व मुख्यमंत्री महोदय द्वारा आश्वस्त किया गया था कि उनकी मांगों पर सरकार आवश्यक कार्रवाई करेगी किंतु आज दिन तक कोई समाधान नहीं हुआ है।

हजारों पत्राचार और सरकारी पोर्टलों पर गुहार

भीलवाड़ा जिले के अंटाली में राजकीय महाविद्यालय एवं उपखंड मुख्यालय फुलिया कला में कृषि महाविद्यालय राज्य सरकार द्वारा खोल दिया गया है। उसी तर्ज पर उपरेडा में भी राजकीय कृषि महाविद्यालय खोलने की मांग हेतु सैकड़ों नहीं बल्कि हजारों पत्राचार किए गए हैं ताकि गांव में छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के अवसर अपने निकटतम स्थान पर मिल सकें। इस हेतु मुबारक मंसूरी अपने निजी व्यय से हजारों पत्राचार कर चुके हैं। साथ ही जनसुनवाई, 181, जनसंपर्क पोर्टल, सीएम पोर्टल, उपखंड अधिकारी बनेड़ा, जिला कलेक्टर महोदय भीलवाड़ा, कॉलेज आयुक्तालय जयपुर, सचिव राज्य मानवाधिकार आयोग, लोकायुक्त महोदय जयपुर, वित्त मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, सहित निदेशक पंत कृषि भवन जयपुर, कृषि मंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री व राज्यपाल महोदय तक लिखित में मांग की जाती रही है लेकिन आज तक समाधान नहीं हुआ।

शिक्षा के लिए समर्पित 20 वर्षों का संघर्ष

मुबारक मंसूरी उपरेडा पिछले 20 वर्षों से शिक्षा को बढ़ावा देने एवं क्षेत्र विकास के लिए समर्पित होकर दिन-रात क्षेत्रीय विकास के लिए प्रयत्नशील हैं। उनका एक ही मकसद है कि क्षेत्र में शिक्षा के अवसर बढ़ें और क्षेत्रीय विकास को गति मिले जिससे कृषि प्रधान क्षेत्र के किसानों के छात्रों को उच्च शिक्षा के अवसर मिल सकें, यही श्री मंसूरी का सपना है। वर्तमान में छात्र-छात्राओं को बनेड़ा 20 किलोमीटर, शाहपुरा 25 किलोमीटर और गुलाबपुरा 45 किलोमीटर कॉलेज की उच्च शिक्षा हेतु अध्ययन के लिए जाना पड़ता है जो कि संभव नहीं है।

विधानसभा सत्र 2026 से उम्मीदें

स्थानीय शाहपुरा-बनेड़ा के विधायक महोदय, आयुक्त कॉलेज उच्च शिक्षा व मुख्यमंत्री से निवेदन है कि "विधानसभा सत्र 2026 के तहत विधानसभा में अतिरिक्त प्रस्ताव पारित कर उपरेडा कस्बे में राजकीय कृषि महाविद्यालय खोलने का श्रम करावें ताकि छात्रों को राहत मिल सके।" यदि यह मांग पूरी होती है तो क्षेत्र के छात्र-छात्राएं सरकार के सदैव आभारी रहेंगे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story