राजस्थान स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन: भीलवाड़ा के राजेश और आशु ने जीते स्वर्ण
राजेश भदादा ने 65+ वर्ग में तीन और आशु जेठमल जैन ने 50+ वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीतकर भीलवाड़ा का मान बढ़ाया; अलवर में आयोजित हुई प्रतियोगिता।

अलवर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के समापन पर स्वर्ण पदक जीतकर भीलवाड़ा का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ी राजेश भदादा और आशु जेठमल जैन।
भीलवाड़ा, दिनांक 04.03.2026: अलवर के इंदिरा गांधी स्टेडियम और प्रो स्मैश बैडमिंटन अकादमी में 28 फरवरी से 2 मार्च तक आयोजित योनेक्स सनराइज राजस्थान स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन चैम्पियनशिप में भीलवाड़ा के खिलाड़ियों ने स्वर्णिम सफलता हासिल की है। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले 2 मार्च को सुबह 9 बजे से खेले गए, जिनमें भीलवाड़ा के राजेश भदादा ने तीन स्वर्ण पदक और आशु जैन ने दो स्वर्ण पदक जीतकर भीलवाड़ा का नाम गौरवान्वित किया। राजस्थान बैडमिंटन संघ के सचिव के.के. शर्मा ने इन विजेताओं को स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
राजेश भदादा का ऐतिहासिक प्रदर्शन
जिला बैडमिंटन संघ के सचिव अभिषेक शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में राजेश भदादा ने युगल वर्ग में अलवर के खिलाड़ी राजकुमार जैन व राजेश गुप्ता को 21-16, 21-14 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। मिश्रित युगल में राजेश भदादा व शशि यादव की जोड़ी ने अलका बतरा व उमेश अग्रवाल को 21-15, 21-11 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अतिरिक्त, एकल मुकाबले में उन्होंने अलवर के राजकुमार जैन को हराकर तीसरा स्वर्ण पदक जीता। इस प्रकार राजेश भदादा 65 प्लस के ग्रुप में तीनों श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीतने वाले भीलवाड़ा के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
आशु जेठमल जैन की दोहरी सफलता
वहीं, आशु जेठमल जैन ने 50 प्लस आयु वर्ग के एकल मुकाबले में विकास शर्मा को 21-13, 22-20 से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक जीता। इसी आयु वर्ग के मिश्रित युगल मुकाबले में आशु जेठमल जैन और सुनीता यादव की जोड़ी ने आशीष माहेश्वरी व शालिनी भगत की जोड़ी को 21-7, 22-24, 21-13 के कड़े मुकाबले में हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
खेल जगत में हर्ष की लहर
भीलवाड़ा के दोनों खिलाड़ियों के शानदार स्वर्ण पदक जीतने पर जिला संघ के अध्यक्ष विजय सिंह शक्तावत, सचिव अभिषेक शर्मा, भूपेन्द्र सिंह पंवार, रितेश क्षोत्रिय, विनीत शर्मा और कैलाश अजमेरा ने बहुत-बहुत बधाई दी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
