ऐरवाल समाज के प्रथम सामुदायिक भवन व छात्रावास का कोटा में शिलान्यास
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने थेकडा में भवन का शिलान्यास किया, जहाँ भामाशाहों ने निर्माण हेतु 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।

कोटा के थेकडा में आयोजित गरिमामय समारोह के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने फीता काटकर ऐरवाल समाज के पहले छात्रावास और सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी।
भीलवाड़ा/कोटा। प्रान्तीय ऐरवाल महासभा, राजस्थान के तत्वावधान में हाड़ौती संभाग के ऐरवाल समाज के प्रथम सामुदायिक/छात्रावास भवन का शिलान्यास लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के मुख्य आतिथ्य एवं प्रान्तीय ऐरवाल महासभा के अध्यक्ष जुगल सर एवं छात्रावास निर्माण समिति के अध्यक्ष सियाराम की अध्यक्षता में थेकडा का भैरूजी, कोटा में सम्पन्न हुआ। समारोह में विशिष्ठ अतिथि के रूप में अहिरवार समाज संघ, भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जगदीश सुर्यवंशी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. हनुमन्त सिंह बोद्ध, राष्ट्रीय लीगल सैल प्रभारी एडवोकेट आर.आर. बाघ, राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष प्रभुलाल ऐरवाल एडवोकेट, प्रभम भामाशाह एवं रैदास महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामस्वरूप अहिरवार, प्रान्तीय ऐरवाल महासभा के संरक्षक एवं पूर्व अध्यक्ष मोहनलाल धोलिया, संस्थापक एवं पूर्व अध्यक्ष रामचन्द्र रेडिया, प्रान्तीय सचिव बाबूलाल अहिरवाल तथा प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष राधाकिशन खण्डिया मंचासीन रहे।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए समिति सदस्यों का अभिनंदन
समारोह के दौरान गुरु रविदास मंदिर निर्माण समिति त्रिवेणी संगम के सचिव जीवन ऐरवाल व उपाध्यक्ष भेरूलाल, कैलाश कवररलाल दीपक को समिति द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित व स्वागत किया गया। मीडिया प्रभारी जीवन ऐरवाल का प्रदेश अध्यक्ष जुगल सर ने साफा बंधवाकर विशेष स्वागत भी किया। ऐरवाल समाज को मुख्य धारा में लाने के लिए सभी प्रकार से हमेशा सहयोग करने के लिए तत्पर रहने वाले मुख्य अतिथि स्पीकर ओम बिरला ने समाज की गरिमामय उपस्थिति में फीता काटकर सामुदायिक भवन व छात्रावास भवन का शिलान्यास किया।
लोकसभा अध्यक्ष एवं अतिथियों के संबोधन
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि "ऐरवाल समाज से मेरा काफी नजदीक का सम्बन्ध रहा है, जिस प्रकार ऐरवाल समाज ने समय-समय और हर मोड़ पर मेरा सहयोग किया है, इसलिए मैं सामुदायिक भवन पूरा होने तक हर प्रकार की मदद करता रहूंगा।" वहीं समारोह के विशिष्ट अतिथि अहिरवार समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जगदीश सुर्यवंशी ने कहा कि "समाज को एकता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है और समाज को अपना राजनैतिक जनाधार तैयार करने के लिए हर मोर्चे पर समाज की भागीदारी आवश्यक है।" राष्ट्रीय लीगल सैल प्रभारी एडवोकेट आर.आर. बाघ ने ऐरवाल जाति को राजस्थान की सूची में जुड़वाने हेतु प्रयास करने पर जोर दिया। अध्यक्षता कर रहे जुगल सर ने सभी समाज बन्धुओं को सामुदायिक भवन निर्माण हेतु ज्यादा से ज्यादा सहयोग करने की अपील की, जबकि राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष प्रभुलाल ऐरवाल एडवोकेट ने छात्रावास निर्माण हेतु डोर-2-डोर सहयोग राशि एकत्रित करने की बात कही।
भामाशाहों द्वारा सहयोग की घोषणा और आयोजन का समापन
शिलान्यास के उपरान्त समाज के भामाशाहों द्वारा कुल 25 लाख रुपये के सहयोग की घोषणा की गयी। इसमें जगदीश नरवर छबड़ा द्वारा 5 कमरों का निर्माण, बाबूलाल अहिरवार एवं जुगल सर द्वारा 2 कमरे, तथा सचिव रामहेत नावलिया, रमेशचन्द खण्डिया, घनश्याम बसावडिया, सियाराम वर्मा, सत्यनारायण खण्डिया एवं मोहनलाल धोलिया द्वारा 1-1 कमरा निर्माण करवाने की घोषणा की गयी। प्रदेश महामंत्री महावीर ऐरवाल ने बताया कि इस ऐतिहासिक समारोह में राजस्थान भर से हजारों की संख्या में ऐरवाल समाज के महिला एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिलान्यास समारोह का कुशल मंच संचालन महावीर प्रसाद वर्मा, शिवराज नरवर व घनश्याम वर्मा द्वारा किया गया। अंत में आयोजन समिति के अध्यक्ष रामदयाल जग्रवाल द्वारा समारोह में उपस्थित सभी अतिथिगणों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
