गंगापुर कस्बे में जलभराव और गंदगी की समस्या को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब देखने को मिला है। खबर सामने आने के बाद नगरपालिका प्रशासन हरकत में आया और प्रशासक एवं उपखंड अधिकारी विवेक गुर्जर के निर्देशन में सफाई अभियान को तेज कर दिया गया।

नगरपालिका के सफाईकर्मी कृषि उपज मंडी मार्ग सहित शहर के विभिन्न जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में नालों की सफाई में जुट गए हैं। कृषि उपज मंडी मार्ग पर लंबे समय से नालों की सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी जमा हो रहा था, जिससे आमजन और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

जलभराव की समस्या की गंभीरता को देखते हुए प्रशासक विवेक गुर्जर ने कृषि उपज मंडी मार्ग के नालों की नियमित सफाई के सख्त निर्देश दिए। निर्देशों के बाद सफाई जमादार संजय आचार्य के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचे और नालों की सफाई का कार्य शुरू किया। इससे जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज हो गई।

नगरपालिका प्रशासन की ओर से शहर के अन्य जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में भी विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। स्थानीय लोगों ने समय रहते कार्रवाई करने पर प्रशासन का स्वागत किया और नालों की नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने की मांग भी की है।

जलभराव और गंदगी की समस्या को लेकर उठे मुद्दे के बाद नगरपालिका की सक्रियता से सफाई व्यवस्था में सुधार की दिशा में कार्रवाई शुरू हो गई है। अब प्रशासन की ओर से नियमित निगरानी और सफाई व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story