सेन समाज और हिंदू संगठनों ने दोषियों को फांसी और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।

भीलवाड़ा कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन; दोषियों को फांसी और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग


घटना का विरोध और प्रदर्शन

भीलवाड़ा - बीकानेर जिले के रणजीतपुरा (बज्जू) में 8वीं कक्षा की छात्रा मासूम वसुंधरा सेन के साथ हुई दरिंदगी और हत्या के विरोध में आज भीलवाड़ा के समस्त सेन समाज एवं हिंदू संगठनों ने गहरा रोष व्यक्त किया। समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अपराधियों को फांसी की सजा देने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की पुरजोर मांग की है।

सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

"मासूम बच्ची परीक्षा देने घर से निकली थी, जिसका अर्धनग्न शव थाने से मात्र 500 मीटर की दूरी पर मिलना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगाता है।" यह घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है और आमजन में असुरक्षा का भाव पैदा कर दिया है। आज हमारी बेटियाँ सुरक्षित नहीं हैं। यह केवल एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे समाज की लड़ाई है।

ज्ञापन में रखी गई मुख्य मांगें

  • इस जघन्य अपराध के दोषियों को अविलंब चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाए।
  • मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर मृत्युदंड (फांसी) सुनिश्चित की जाए।
  • थाने के इतने समीप घटना होने के बावजूद लापरवाही बरतने वाले संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
  • पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।

आंदोलन की चेतावनी

उचित कार्यवाही नहीं होने पर सेन समाज द्वारा प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन छेड़ने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस अवसर पर सेन समाज के प्रबुद्धजन, युवा संगठन और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story