भुसावर से कैला देवी अखण्ड ज्योति पदयात्रा की तैयारियां शुरू
मां भगवती भक्त मण्डल द्वारा 15 मार्च को शैतान पाडा से रवाना होने वाली इस यात्रा के लिए समितियों का गठन कर रूट और पड़ाव स्थल निर्धारित किए गए हैं।

भुसावर: होलिका दहन के बाद बास्योड़ा शीतला माता पूजन के बाद से ही कैला देवी की जात शुरू हो जाती है, जहाँ आस्था की डगर पर चल रहे हजारों कदमों से राह भी देवी मां के जयकारों से गूंजायमान हो उठती है। राज राजेश्वरी मां कैला देवी के भक्त अपनी मां के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए निकल पड़ते हैं, वहीं कुछ भक्त मण्डल एवं श्रद्धालु, सनातन धर्मप्रेमी ऐसे होते हैं जो हर साल पद यात्रा करके माता के दरबार में हाजिरी लगाते हैं।
15 मार्च को शैतान पाडा से रवाना होगी पदयात्रा
इसी श्रृंखला में मां भगवती भक्त मण्डल भुसावर द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष 2026 में भी 15 मार्च को अखण्ड ज्योति पदयात्रा भुसावर कस्बे से कैला देवी भवन (करौली) के लिए शैतान पाडा देवी मां मन्दिर से पूजा अर्चना कर रवाना होगी। राज राजेश्वरी मां कैला देवी भवन करौली पदयात्रा में राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा के भक्त चैत्र नवरात्र से ही एक सप्ताह पूर्व आना शुरू हो जाता है और मां के दरबार में हाजिरी लगाकर मनौतियां मनाते हैं।
पदयात्रा मार्ग और आयोजन समिति का विवरण
मां कैला देवी भक्त मण्डल एवं कमेटी के सदस्यों लक्ष्मण सैनी (सांप) हलवाई, बवलू सोनी नदवईया, छोटू पेटिज वाले एवं सोनू सोनी ई मित्र वालों ने जानकारी देते हुए बताया कि "अखण्ड ज्योति पदयात्रा 15 मार्च को सुबह 08 बजे शैतान पाडा देवी मां मन्दिर से पूजा अर्चना कर सपाट, मुख्य बाजार, सराफा बाजार, पुरानी अनाज मण्डी, कानूनगो मोहल्ला होकर कैला देवी भवन करौली के लिए प्रस्थान, रवाना होगी।" पद यात्रा की तैयारियों को लेकर समस्त मां कैला देवी भक्त मण्डल जुट गए हैं और सभी भक्तों को अपनी अपनी जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
प्रथम विश्राम और रात्रि पड़ाव की व्यवस्था
हिण्डौन सड़क मार्ग से होकर श्रद्धालु कैला देवी भवन (करौली) पहुंचेंगे। पदयात्रा के प्रबंधन को लेकर कमेटी सदस्यों ने बताया कि "कैला देवी करौली पदयात्रा का पहले दिन का विश्राम वल्लभगढ़ पर होगा और रात्रि पड़ाव क्यारदा वाले हनुमानजी मन्दिर के पास स्कूल में रहेगा।" जहां पद यात्रा के दौरान नास्ता, भोजन और ठहरने की व्यवस्था मां कैला देवी भक्त मण्डल कमेटी की ओर से की जावेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
