फाल्गुन पूर्णिमा पर भद्रा और चन्द्र ग्रहण के सूतक के कारण होली के मुहूर्त में बदलाव, भुसावर के बाजारों में पिचकारी और हर्बल गुलाल की बढ़ी मांग।

भुसावर कस्बे सहित पूरे उपखण्ड क्षेत्र में इन दिनों हर तरफ होली के रसिया सुनाई दे रहे हैं और रंग, गुलाल तथा अबीर से दुकानें सज चुकी हैं। बाजारों में बिकती मिठाइयों और बढ़ती रौनक के बीच होली पर्व से पहले एक विशेष उत्साह का माहौल बना हुआ है। कस्बे में जगह-जगह होली पर्व को लेकर कस्बे वासियों सहित ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के पहुंचने से बाजारों में भारी भीड़ बढ़ने लगी है।

सतरंगी छटा से गुलजार हुए भुसावर के प्रमुख बाजार

जैसे-जैसे होली का पर्व नजदीक आ रहा है, कस्बे के हिण्डौन सड़क मार्ग, पुरानी अनाज मण्डी, मुख्य बाजार, ऊपरला बाजार, पुरानी सब्जी मण्डी, आर्य समाज सड़क मार्ग, अस्पताल सड़क मार्ग और मुण्डायारा चौराहा आदि स्थित दुकानों सहित अन्य स्थानों पर अस्थाई दुकानों की कतारें लग गई हैं। इन दुकानों पर रंग-बिरंगी आकर्षक डिजाइनों में पिचकारी, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए हर्बल गुलाल और अबीर एवं केमिकल फ्री रंग सजाए गए हैं। बाजारों में बच्चों को कार्टून वाली पिचकारियां और युवाओं को बड़ी पिचकारी एवं स्प्रे रंगों को लेकर भारी भीड़ उमड़ रही है। दुकानदारों ने जानकारी देते हुए बताया कि "बीते कुछ दिनों से गुलाल और रंगों की बिक्री में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और आने वाले दिनों में और ग्राहकों की तेजी आने की उम्मीद है।"

ग्रहण और भद्रा के कारण बदला होली का गणित

पर्व की खुशियों के बीच इस बार ज्योतिषीय गणनाओं का साया भी नजर आ रहा है। विद्वान पण्डितों ने जानकारी देते हुए बताया कि "पंचांग के अनुसार फाल्गुन पूर्णिमा तिथि 2 मार्च 2026 को शाम 5 बजकर 53 मिनट से प्रारम्भ होकर 3 मार्च को 05 बजकर 07 मिनट पर समाप्त होगी।" लेकिन 03 मार्च की सुबह भद्रा काल और उसके बाद चन्द्र ग्रहण का सूतक रहेगा, और जब चन्द्र ग्रहण समाप्त होगा तब तक पूर्णिमा तिथि समाप्त हो जाएगी। ऐसे में इस बार होली के रंगों पर चन्द्र ग्रहण और भद्रा का विशेष प्रभाव देखने को मिलेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story