आदि बद्री पर्वत की पांचवीं परिक्रमा शुरू, मंत्री से की मार्ग निर्माण की मांग
खनन माफिया से मुक्त हुए आदि बद्री पर्वत की पांचवीं यात्रा जटेरी पहुंची, संतों ने गृह राज्य मंत्री से परिक्रमा मार्ग बनवाने का किया आग्रह।

डीग के आदि बद्री धाम में आयोजित पांचवीं परिक्रमा के दौरान नील घाटी और जटेरी मार्ग पर नृत्य करते श्रद्धालु और उपस्थित मान मंदिर के पदाधिकारी।
डीग, 27 फरवरी। ब्रज वसुंधरा की पावन लीला स्थलीयों के महात्म्य को आज कौन नहीं जानता? ब्रह्मा, शंकर व स्वयं जगदाधार परम परमेश्वर भगवान भी इन स्थलियों के लिए लालायित रहते हैं। आदि बद्री के दिव्य पर्वतों को जब खनन माफिया द्वारा डायनामाइट से उड़ाया जा रहा था, तब ब्रज के परम विरक्त संत पद्मश्री रमेश बाबा ने इनकी रक्षा का बीड़ा उठाया। मान मंदिर एवं आदि बद्री धाम के संयुक्त तत्वाधान में एक लम्बा आंदोलन किया गया और वर्ष 2022 में इन्हें आरक्षित वन घोषित किया गया।
आंदोलन का इतिहास और संत विजय बाबा का बलिदान
यद्यपि इस आंदोलन में एक संत को अपनी आहुति भी देनी पड़ी; संत विजय बाबा ने आत्मदाह किया। उन्हीं की स्मृति स्वरूप और पर्वतों के महात्म्य को ध्यान रखते हुए तभी से महंत शिवराम दास जी और मान मंदिर के रमेश बाबा के सानिध्य में परिक्रमा होने लगी। इस वर्ष यह पाँचवी यात्रा है।
परिक्रमा मार्ग और श्रद्धालुओं का उत्साह
यह यात्रा आदि बद्री से प्रारंभ होकर नील घाटी, ग़दर वास, रुंध, और हयात पुर होते हुए जटेरी पहुंची। इस पावन अवसर पर ब्रज गोपियों ने नाचते-गाते हुए धूमधाम से परिक्रमा की। कल यह परिक्रमा जटेरी से चलकर डावक पहुंचेगी।
परिक्रमा मार्ग निर्माण हेतु सरकार से अपेक्षा
इस अवसर पर मान मंदिर के कार्यकारी अध्यक्ष राधा कांत शास्त्री, सचिव सुनील सिंह तथा महंत शिवराम दास जी ने राज्य के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम जी से विशेष अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि— "वे इन पर्वतों की महिमा से अवगत हैं और आंदोलन के हिस्से भी रहे हैं। वे आदि बद्री पर्वत की परिक्रमा का निर्माण कराये ताकि ब्रज वासियों को परिक्रमा करने में कष्ट न हो।" महंत शिवराम दास जी और रमेश बाबा के सानिध्य में आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य ब्रज की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को अक्षुण्ण रखना है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
