अन्ता विधायक प्रमोद जैन भाया ने गांवों में जनसंपर्क कर जताया आभार
पूर्व मंत्री भाया ने मण्डोली और इकलेरा सहित कई गांवों का दौरा कर जनता का धन्यवाद किया और परवन सिंचाई परियोजना में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया।

बारां जिले के विभिन्न गांवों में धन्यवाद यात्रा के दौरान मतदाताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विधायक प्रमोद जैन भाया का भव्य स्वागत किया गया।
बारां। अन्ता विधायक एवं पूर्व केबिनेट मंत्री प्रमोद जैन भाया ने आज विधानसभा उप चुनाव में विजयी बनाने पर क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त करने हेतु धन्यवाद यात्रा कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक बारां के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम मण्डोली, इकलेरा, दौलतपुरा, तूमडा एवं बामला, बामली में पहुंचकर मतदाताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।
भव्य स्वागत और जनसमूह का अभिनंदन
ग्रामों में पहुंचने पर मतदाताओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रमोद जैन भाया का माल्यार्पण, साफाबंदी एवं आतिशबाजी कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। जगह-जगह ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर विधायक प्रमोद जैन भाया ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि वे अन्ता विधानसभा एवं बारां जिले की जन समस्याओं के समाधान के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध हैं।
विकास कार्यों का उल्लेख और विधानसभा में सक्रियता
उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस शासनकाल में उनके द्वारा धार्मिक एवं सामाजिक क्षेत्र में ऐतिहासिक विकास कार्य करवाए गए थे और वर्तमान में भी वे विधानसभा में बारां जिले एवं अन्ता विधानसभा क्षेत्र से जुडी जन समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठा रहे हैं। अब तक वे 100 से अधिक विधानसभा प्रश्नों के माध्यम से क्षेत्र की समस्याओं को सदन में रख चुके हैं। भाया ने कहा कि "जब तक उनके शरीर में प्राण हैं, वे जनहित से जुडी समस्याओं एवं क्षेत्र के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहेंगे।"
परवन सिंचाई परियोजना में भ्रष्टाचार और विलम्ब पर प्रहार
उन्होंने कांग्रेस शासनकाल में स्वीकृत जीवनदायिनी परवन सिंचाई परियोजना का उल्लेख करते हुए कहा कि बारां, झालावाड एवं कोटा जिले के 1405 गांवों के लिए महत्वपूर्ण इस परियोजना का शिलान्यास कांग्रेस नेता श्री राहुल गांधी के कर कमलों से हुआ था। वर्तमान में इस परियोजना के निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलम्ब एवं घटिया सामग्री के उपयोग की शिकायतें सामने आई हैं, जिस पर उन्होंने सरकार से दोषी ठेकेदारों से करोडों रुपये की वसूली करने तथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की मांग की है। कार्यक्रम के दौरान बडी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
