भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार के आवास पर होली मिलन समारोह आयोजित
बारां में विधायक राधेश्याम बैरवा और भाजपा पदाधिकारियों ने पारंपरिक गुलाल और गीतों के साथ संगठनात्मक एकता का संदेश देते हुए होली का पर्व मनाया।

बारां की नागेश्वर कॉलोनी में भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार के निवास पर आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान मौजूद विधायक राधेश्याम बैरवा और अन्य पार्टी पदाधिकारी।
बारां। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार के नागेश्वर कॉलोनी स्थित निजी आवास पर आयोजित होली मिलन समारोह हर्ष, उल्लास और आत्मीयता के वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता कर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।
वरिष्ठ नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में विधायक राधेश्याम बैरवा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नंदलाल सुमन, वरिष्ठ नेता हेमराज मीणा, हरगोविंद जैन, अशोक बत्रा, जिला उपाध्यक्ष जयेश गालव, उप जिला प्रमुख छीतरलाल मेघवाल, शहर अध्यक्ष ओपी पारेता तथा देहात अध्यक्ष अमरदीप केदाहेड़ी, मुकेश केरवलिया सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। समारोह में व्यापारी वर्ग, अधिकारी वर्ग एवं मीडिया के बंधु भी विशेष रूप से पहुंचे और जिलाध्यक्ष सहित सभी कार्यकर्ताओं को होली की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
पारंपरिक गीतों और नृत्य से सजा उत्सव का रंग
कार्यक्रम के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक ढंग से गुलाल लगाकर एवं एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर होली का पर्व मनाया। वहीं कार्यकर्ताओं ने होली के गीतों पर जमकर नृत्य किया और उत्सव का भरपूर आनंद लिया। पूरे कार्यक्रम में सौहार्द, संगठनात्मक एकता एवं भाईचारे का वातावरण देखने को मिला। उप जिला प्रमुख छीतरलाल मेघवाल ने होली के पारंपरिक गीत प्रस्तुत कर समा बांध दिया, जिससे उपस्थित कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह का संचार हुआ।
जिलाध्यक्ष का संबोधन और संगठन की मजबूती का आह्वान
जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने अपने उद्बोधन में कहा कि "होली का पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।" उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती एवं आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
