बारां पुलिस की जिला विशेष टीम ने 'ऑपरेशन अदृश्य' के तहत ग्वालियर से इनामी बदमाश कल्ली उर्फ बल्लू जाटव को पकड़ा, 2007 से पहचान बदलकर काट रहा था फरारी।

बारां। जिला विशेष टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 19 साल से अपनी पहचान बदलकर रह रहे हत्या के आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने बताया कि थाना छीपाबड़ौद के प्रकरण संख्या 121/2007 में वांछित हत्या के ईनामी आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु राजेश चौधरी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बारां के सुपरविजन में जिला विशेष टीम के नेतृत्व में ऑपरेशन अदृश्य चलाया गया। चूंकि आरोपी बड़े शातिर किस्म का है जो अपनी पहचान छिपाकर लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था जो कि घटना के लगभग 19 वर्षों से ही फरार चल रहा था जो पुलिस की नजरों से अदृश्य था, इसलिए इस ऑपरेशन का नाम अदृश्य रखा गया।

तीन महीने का गुप्त मिशन और फील्ड वेरिफिकेशन

इस ऑपरेशन के तहत जिला विशेष टीम के सदस्यों द्वारा लगभग पिछले 03 माह से लगातार उक्त आरोपी के बारे में आसूचना संकलन हेतु आरोपी के संभावित फरारी काटने वाले स्थानों, उसके परिजनों, रिश्तेदारों व यार-दोस्तों पर पैनी नजर रखी गई। आरोपी जिला शिवपुरी, ग्वालियर (मध्यप्रदेश) के आसपास के ग्रामीण इलाकों में गुप्त रूप से अपनी पहचान छिपाकर इधर-उधर घूमता फिरता रहता था, जिसकी आसूचना संकलन व फील्ड वेरिफिकेशन किया जाकर मुल्जिम के रहने की पुख्ता जानकारी प्राप्त की गई।

ग्वालियर से दबोचा गया 20 हजार का ईनामी कल्ली उर्फ बल्लू

जिला विशेष टीम के द्वारा की गई सटीक सूचना संकलन के तहत ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए वर्ष 2007 से फरार चल रहे हत्या के अपराधी कल्ली उर्फ बल्लू जाटव पुत्र मांगीलाल उर्फ बाबूलाल जाति जाटव उम्र 44 साल निवासी मोहना थाना मोहना जिला ग्वालियर (म०प्र०) को जिला ग्वालियर (मध्यप्रदेश) से डिटेन कर गिरफ्तार किया गया। यह अपराधी पिछले 19 वर्षों से कानून की गिरफ्त से दूर था व पुलिस की आँखों में धूल झोंक रहा था जिसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रूपये का ईनाम भी घोषित था। इससे पूर्व दिनांक 10.01.2026 को उक्त प्रकरण में फरार वांछित दो आरोपी बल्ले उर्फ बाला ओढ व लक्ष्मण ओढ को गिरफ्तार किया जा चुका है।

क्या था साल 2007 का वह जघन्य हत्याकांड?

घटना का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 14.06.2007 को थाना छीपाबड़ौद पर माननीय एसीजेएम न्यायालय छीपाबडोद से इस्तगासा फरियादी श्री लक्ष्मण पुत्र श्री मानसिह ओड निवासी कोलूखेडी थाना जावर जिला झालावाड द्वारा पेश किया हुआ प्राप्त हुआ। "जिसमें उल्लेख था कि दिनांक 29.04.2007 को बालापुरा थाना छीपाबडौद में ओड समाज का सामुहिक विवाह सम्मेलन था जिसमें हम सभी भाई आये थे। रात्रि को हम खाना खाकर सो गये थे सुबह मेरा भाई मोतीलाल ओड नहीं मिला जिसकी तलाश की कोई पता नहीं चला। दिनांक 01.05.2007 को मेरे भाई की लाश बालापुरा सम्मेलन स्थल के पास के खाल में पड़ी हुई थी जिसके शरीर पर चोटें आयी हुई तथा मुंह तेजाब से जला हुआ था। मेरे भाई की पप्पू ओढ निवासी मोहना थाना मोहना जिला ग्वालियर से रंजिश थी।"

पुलिस अनुसंधान और आरोपियों की गिरफ्तारी का क्रम

उक्त इस्तगासा पर थाना छीपाबड़ौद पर प्रकरण संख्या 121/2007 धारा 147, 148, 149, 302, 120बी IPC में दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया गया था। अनुसंधान के दौरान मुलजिम पप्पू ओड को दिनांक 09.12.2009 को गिरफ्तार किया गया था। मुलजिम बल्ले उर्फ बाला ओढ, निवासी मोहना जिला ग्वालियर, लक्ष्मण ओढ निवासी भूराचक जिला गुना व कल्ली उर्फ बल्लू जाटव निवासी मोहना जिला ग्वालियर घटना के बाद से ही फरार चल रहे थे। मुलजिमान बल्ले उर्फ बाला ओढ व लक्ष्मण ओढ को दिनांक 10.01.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया गया। गिरफ्तार ईनामी अपराधी कल्ली उर्फ बल्लू जाटव पुत्र मांगीलाल उर्फ बाबूलाल जाति जाटव उम्र 44 साल निवासी मोहना थाना मोहना जिला ग्वालियर (म०प्र०) है।

सफलता हासिल करने वाली जिला विशेष टीम

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली जिला विशेष टीम में आकाश शिन्धे स०उ०नि० (विशेष भूमिका), शाहबुद्दीन स०उ०नि०, हरिप्रसाद कानि०, बलवान कानि० एवं चालक महावीर कानि० शामिल रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story